मिर्जापुर। कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी कर सरिया चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब सात टन चोरी का सरिया, एक ट्रक-ट्रेलर, एक कार तथा धर्मकांटे के वजन में हेराफेरी करने वाली इलेक्ट्रॉनिक चिप और रिमोट बरामद किया है।
सीओ प्रिया यादव ने बताया कि 19 जून को सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में चल रहे मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण कार्यों के सुपरवाइजर उमरेश पांडेय निवासी बहराइच ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गाजियाबाद से 32 टन सरिया शाकंभरी भेजा गया था। आरोप है कि रास्ते में गिरोह ने योजना के तहत करीब सात टन सरिया चोरी कर लिया और बाकी माल के वजन में हेराफेरी कर पूरा माल दर्शा दिया। इस पर कोतवाली प्रभारी सूबे सिंह एवं शाकंभरी चौकी इंचार्ज रामकुमार गौतम की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में युसुफ, फहीम निवासी लोहगरा थाना अगौता जनपद बुलंदशहर एवं मुर्सलीन निवासी लालपुर थाना धौलाना जनपद हापुड़ शामिल हैं।
पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह पहले ट्रकों से लदे माल का वजन कराता था और रास्ते में उसका कुछ हिस्सा उतारकर गायब कर देता था। इसके बाद गंतव्य स्थल के आसपास धर्मकांटे पर इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाकर रिमोट की मदद से कम वजन को अधिक दिखाकर धोखाधड़ी करता था। पुलिस की रेकी करने के लिए कार का भी प्रयोग करते थे। पुलिस ने बताया कि इस पूरे गिरोह में कई लोग शामिल हैं। पुलिस उनकी पहचान कर तलाश में जुटी है। जल्द ही गिरोह के अन्य लोगों को पकड़ा जाएगा।