सहारनपुर में तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से टेंपो चालक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
35 वर्षीय अहसान पुत्र अली हसन निवासी गागलहेड़ी टेंपो चलाकर अपने परिवार का गुजारा चलाता था। शुक्रवार को दोपहर करीब तीन बजे वह टेंपो को लेकर जा रहा था।
जैसे ही वह नौगजा पीर के पास पहुंचा तो रोडवेज बस ने टेंपो को टक्कर मार दी। इससे टेंपो के परखचे उड़ गए। हादसे में घायल अहसान ने कुछ ही देर बार दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रोडवेज की बस को कब्जे में ले लिया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ट्रेन की चपेट में आकर कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के पेपर मिल रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी निवासी खुर्शीदा (80) की मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव अपने साथ घर ले गए। उन्होंने बिना पोस्टमार्टम कराए शव को सुपुर्दे - ए खाक कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया महिला लाइन क्रॉस कर रही थी, वृद्ध होने के कारण ट्रेन को आते हुए नहीं देख सकी। इस कारण वह ट्रेन की चपेट में आ गई।