छुटमलपुर। बड़ी संख्या में लोग जनसेवा केंद्र से फर्जी आधार कार्ड बनवाकर सैयद माजरा टोल प्लाजा से मुफ्त निकालकर राजस्व का चूना लगा रहे हैं। ऐसे लोगों की अब खैर नहीं होगी। तत्काल ओटीपी भेजकर जांच कराई जाएगी यदि पकड़े गए तो रिपोर्ट दर्ज होगी।
टोल प्रबंधक राजन तिवारी ने बताया कि प्रत्येक शिफ्ट में 30 से 40 ऐसे फर्जी आधार कार्ड पकड़े जा रहे हैं। आधार कार्ड से निकालने वालों की प्रतिदिन संख्या 1200 से 1500 के आसपास रहती है। लगातार ऐसे वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी होते देखकर आधार कार्ड की जांच प्रारंभ की गई है।
इसमें आधार दिखाने वाले के सामने ही आधार की साइट से रियल टाइम ओटीपी भेजकर पुष्टि की जा रही है कि आधार कार्ड दिखाने वाला असली है या फिर उसने फर्जी कार्ड बनवा रखा है। उन्होंने बताया कि फर्जी आधार कार्ड पकड़े जाने पर इसका इस्तेमाल करने वाले लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
बता दें कि सैयद माजरा टोल के आसपास के पांच किलोमीटर के दायरे के निवासी टोल से छूट का लाभ उठाते हैं। बड़ी संख्या में ऐसे वाहन चालक हैं, जिन्होंने जनसेवा केंद्रों पर इन गांवों के पते के फर्जी आधार कार्ड बनवा रखें हैं।