नकुड़ (सहारनपुर)। आभूषण देखने के बहाने आए दो युवक और बुर्कानशीं महिला नगर के एक सराफ की दुकान से उसकी मौजूदगी में सोने के जेवरों से भरा डब्बा उठा कर फरार हो गए। पीड़ित सराफ ने जब तक शोर मचा और आस पास के लोगों को पता चलता तब तक चोर बाइक पर बैठ कर फरार हो चुके थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आस पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोरी हुए डब्बे में साढ़े सात लाख रुपये कीमत के पंद्रह तोले सोने के आभूषण थे।
कस्बे के जनक बाजार में नरेंद्र सराफ की आभूषण की दुकान है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे वह दुकान पर अकेले ही बैठे थे। तभी एक बाइक पर दो युवक व एक बुर्का पहने हुए महिला आयी। उन्होंने सोने की अंगूठी दिखाने को कहा। उन्होंने तिजोरी से अंगूठी का डब्बा निकालकर अंगूठी दिखानी शुरू की। इस पर महिला ने दो तीन अंगूठी देखने के बाद अचानक से एक अंगूठी उनकी तरफ फेंक दी। नरेंद्र ने बताया कि जैसे ही वह नीचे गिरी अंगूठी उठाने लगे तो उक्त तीनों अंगूठी से भरा डब्बा उठाकर भाग खड़े हुए। उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे। उन्होंने तुरंत ही इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित दुकानदार से जानकारी लेने के साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि चोरी गये डब्बे में करीब पंद्रह तोले सोने के आभूषण थे जिनकी कीमत साढे़ सात लाख रुपये से ज्यादा की है। उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी नकुड़ एके पुंडीर ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है।