सहारनपुर। पंजाबी बाग कॉलोनी में चोरों ने ताले तोड़कर तीन मकान खंगाल दिए। चोर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की पंजाबी बाग कॉलोनी निवासी सुमित सेना से रिटायर हैं। इन दिनों सुमित के पिता की तबीयत खराब चल रही है, जिनका देहरादून में उपचार चल रहा है। सोमवार को मकान पर ताला लगाकर परिवार के लोग देहरादून गए थे। मंगलवार की सुबह पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे होने की जानकारी दी। पता लगते ही परिवार के लोग लौट आए। सुमित ने बताया कि चोर अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात ले गए। इसी तरह पड़ोस में रहने वाली नेहा के मकान के भी ताले तोड़े गए, लेकिन चोर अलमारी के ताले नहीं तोड़ पाए। इसी तरह पड़ोसी रेने गुप्ता के मकान को भी चोरों ने खंगाल दिया। चोर छत का जाल काटकर मकान में घुसे और अलमारी में रखे जेवरात चोरी कर ले गए। पता लगने पर कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पुलिस जल्द चोरों को गिरफ्तार कर वारदातों का खुलासा करेगी।