नानौता में पकडे गए युवक को खरी खोटी सुनाते दुकानदार।
- फोटो : SAHARANPUR
खुद को नगर निगम कर्मी बताकर मुफ्त में फल लेना पड़ा भारी
नानौता। खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर नानौता पहुंचे युवक को छापेमारी अभियान की एवज में मुफ्त फल लेना भारी पड़ गया। दरअसल, मौके पर मौजूद लोगों ने यह बात जानकर उसे जमकर खरी-खोटी सुना डाली। भीड़ जुटते देख वह मौके से खिसक लिया।
रविवार को नगर के संजय चौंक स्थित फल विक्रेता प्रवेज मंसूरी पुत्र शकरु की दुकान पर एक युवक पहुंचा। दुकान पर उस समय प्रवेज का छोटा भाई बैठा था। आरोपी युवक ने फल विक्रेता से पहले तो करीब 250 रुपये के फल पैक कराया। फिर पॉलीथीन होने के एवज में 750 रुपये का चालान कटवाने की बात कही। तभी प्रवेज मंसूरी मौके पर पहुंच गया। उसने युवक से पैसे मांगे। इस बात को लेकर मौके पर हंगामा हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने आरोपी युवक को खूब खरी-खोटी सुनाई। खुद को घिरते देख आरोपी युवक अपना नाम कुलदीप कुमार बताकर खिसक लिया। दुकानदार प्रवेज ने बताया कि कथित कुलदीप पहले भी चालान काटने की बात कहकर 150 रुपये का फल मुफ्त में ले जा चुका है। उधर, नगर पंचायत चेयरमैन पति सरफराज अख्तर का कहना है कि नगर पंचायत सीमा के अंदर नगर निगम के किसी भी कर्मचारी को कार्रवाई का अधिकार नहीं है।