सहारनपुर। ग्राम पंचायतों को स्मार्ट बनाने की कवायद होगी। कोरोना काल में हुए लॉकडाउन की वजह से काम प्रभावित हुए थे। अब दोबारा ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। खासकर मॉडल ग्राम पंचायत बनाने की दिशा में काम होगा।
जिले के 11 विकास खंड़ों में 887 ग्राम पंचायत हैं। 22 मार्च को कोरोना की वजह से हुए लॉकडाउन में ग्राम पंचायतों में काम प्रभावित हुए थे। इसके बाद अनलॉक वन से लेकर फोर तक दोबारा कार्य शुरू कराए गए। अब मॉडल व स्मार्ट ग्राम पंचायत बनाने की कवायद होगी। इसको लेकर ग्राम पंचायतों से जुड़े कर्मचारी, अधिकारी और प्रधानों को यूपी व अन्य प्रदेश गुजरात व हरियाणा की उन ग्राम पंचायतों का दौरा कराया जाएगा, जो विकसित होकर मॉडल बन चुकी हैं। इसी तर्ज पर जिले की ग्राम पंचायतों में काम होगा। खासकर सफाई, पथ प्रकाश, शुद्घ पेयजल, पढ़ाई, पौधरोपण और तालाबों को कब्जा मुक्त कराने पर फोकस होगा। इसके अलावा ग्राम पंचायतों में सफाई और कोरोना से बचाव को लेकर दीवारों पर पेटिंग भी बनाई जाएंगी।
मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों को स्वच्छ और सुंदर बनाने कार्य पहले भी हुए हैं। कोरोना काल में काम प्रभावित हुए थे। ग्राम पंचायतों को मॉडल बनाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
जिले के विकासखड़ --- ग्राम पंचायतों की संख्या
बलियाखेड़ी ------ 75
पुवांरका ---------- 93
मुजफ्फराबाद ---- 100
सढ़ौली कदीम ---- 84
सरसावा ---------- 103
नकुड़ ------------- 85
गंगोह ------------- 98
नानौता ----------- 55
रामपुर मनिहारान --- 56
देवबंद ------------- 64
नागल-------------74