मंडल आयुक्त कार्यालय पर ज्ञापन देने पहुंचे क्रांति सेना के कार्यकर्ता
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर के जिला पंचायत सदस्य शाहनवाज के खिलाफ जांच कराने और कड़ी कार्रवाई कराने की मांग की। आरोप है कि शाहनवाज के खिलाफ पूर्व में गोवध अधिनियम की भी रिपोर्ट दर्ज हुई और अन्य भी गतिविधियां संदिग्ध हैं, लेकिन मुजफ्फरनगर पुलिस प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है। चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो क्रांति सेना बेमियादी धरना प्रदर्शन करेगी।
बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे क्रांति सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह सिरोही, राष्ट्रीय महासचिव मनोज सैनी ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य शाहनवाज के खिलाफ मुजफ्फरनगर के पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों को भी शिकायत पत्र दिए गए, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। कार्यकर्ताओं ने यहां प्रदर्शन करने का भी प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ पुलिस बल के साथ पहुंच गए। क्रांति सेना के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान योगेंद्र शर्मा, नीरज रोहिला, शरद कपूर, राजेश कश्यप, अंकित चौधरी, रजनीश कांबोज, प्रवीण प्रधान, विकास राणा, अक्षय चौधरी, पदम कश्यप और मोहर सिंह आदि मौजूद रहे।