सहारनपुर। कोरोना काल में अखबार को लेकर लोगों में संशय की स्थिति है, मगर हकीकत यह है कि अखबार पूरी तरह सुरक्षित है। चिकित्सकों की मानें तो अखबार से कोरोना संक्रमण फैलने का अभी तक पूरे देश में एक भी मामला सामने नहीं आया है। ऐसे में अखबार से घबराने की जरूरत नहीं है।
अखबार सुरक्षित घबराएं नहीं: डॉ. सतीश
एसबीडी जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. सतीश कुमार का कहना है कि अभी तक भारत ही नहीं, दुनिया के किसी भी देश में अखबार की वजह से संक्रमण फैलने का मामला सामने नहीं आया है। इस तरह की कोई गाइडलाइन भी नहीं है। फिर भी यदि लोगों के मन में कोई संशय है तो अखबार के घर आने पर उस पर सैनिटाइजर का स्प्रे कर लें। या कुछ घंटे धूप में रख लें।
अखबार से नहीं फैल रहा कोरोना: डॉ. कलीम
फिजीशियन डॉ. कलीम अहमद ने भी अखबार से संक्रमण फैलने की बात को निराधार बताया है। उनका कहना है कि मीडिया हाउस पूरी सावधानी बरत रहे हैं। यही वजह है कि प्रकाशित करते हुए अखबार को सैनिटाइज किया जा रहा है। फिर भी अपने मन की संतुष्टि के लिए लोग अपने स्तर से अखबार को सैनिटाइज कर सकते हैं।
डा कलीम- फोटो : SAHARANPUR