नागल। गांव भरतपुर निवासी रेलवे कर्मचारी नौशाद अली के बंद पड़े घर में रखे बक्से का ताला काट कर गहने चोरी कर लिए गए। पुलिस ने गांव पहुंच कर जांच पड़ताल की।
नौशाद ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह रेलवे में मेरठ में तैनात है। उसकी पत्नी बच्चों के साथ सहारनपुर रहती है। गांव में उसका मकान है जो बंद रहता है। वह दस से 15 दिन में गांव में एक बार चक्कर लगा देते हैं। बृहस्पतिवार को गांव से परिवार के लोगों का फोन आया कि उनके मकान में पानी भर गया है। अपने मकान की चाबी भिजवा दो। उसने मकान की चाबी भिजवा दी। मकान खोलने के बाद उन्होंने बताया कि बीच वाले कमरे में रखे लोहे के बक्से का ताला टूटा पड़ा है। सभी ताले कटर से काट रखे थे। पीड़ित ने बताया कि बक्से में करीब 20 लाख रुपये के जेवर रखे थे। चोरों ने सभी जेवर चोरी कर लिए। वह 15 दिन पहले गांव आया था तब सब कुछ ठीक-ठाक था। सीओ देवबंद रविकांत पाराशर ने बताया कि कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले रखा है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।