सहारनपुर। गांव हलालपुर में युवक ने रस्सी से बिजली के खंभे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों ने शव लटका देखा तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एक बार को लगा कि हत्या कर शव को लटकाया गया, लेकिन शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या ही सामने आ रहा है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव हलालपुर निवासी मिंटू (25) पुत्र पवन कुमार रविवार की सुबह रोजाना की तरह सोकर उठा। परिवार के सदस्यों के साथ सामान्य रूप से बातचीत की। इसके बाद मिंटू घर से टहलने के लिए चला गया। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब नौ बजे गांव के नजदीक ही एक खेत में लगे बिजली के खंभे पर रस्सी से बनाए फंदे पर ग्रामीणों ने मिंटू का शव लटका देखा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पता लगते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। देहात कोतवाली पुलिस भी मौके पर आ गई। शव को खंभे से उतरवाकर पुलिस ने घटना के संबंध में परिजनों और ग्रामीणाें से भी बातचीत की। जांच में मामला आत्महत्या का निकला।
वहीं, ग्रामीणों को लगा कि मिंटू की हत्या कर शव को खंभे पर लटकाया गया, लेकिन उसके शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं मिले हैं। परिजनों ने भी थाने में कोई तहरीर नहीं दी है। मिंटू की अभी शादी भी नहीं हुई है। वह बेरोजगार था। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि हर बिंदु पर जांच की जा रही है।