सहारनपुर में तहसील दिवस में मिली रिश्वत मांगने की शिकायत पर डीएम शफक्कत कमाल ने लेखपाल नाथीराम सैनी के निलंबन के आदेश एसडीएम को दिए।
वह मंगलवार को तहसील सदर में पीड़ितों की समस्याएं सुन रहे थे। तहसील दिवस में कुल 58 शिकायतें मिलीं, जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
मंगलवार को डीएम शफक्कत कमाल सदर तहसील में जन समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान गांव रतनाखेड़ी निवासी हरिप्रसाद पहुुंचा। उसने डीएम को बताया कि लेखपाल नाथीराम सैनी ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत रिपोर्ट लगाने के लिए उससे रुपये मांगे।
जब वह रुपया नहीं दे सका तो उसको योजना के लाभ से वंचित कर दिया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने प्रस्ताव पारित करते हुए लेखपाल सैनी के निलंबन के आदेश एसडीएम सदर रामविलास यादव को दिए।
तहसील दिवस में मौजूद अधिकारियों को तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए गए। कुल 58 शिकायतों में से चार का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
प्राप्त शिकायतों में 22 शिकायत राजस्व विभाग, छह शिकायत पुलिस विभाग, 10 शिकायत विकास कार्यों, तीन शिकायत विद्युत निगम, 10 शिकायत नगर निगम, छह शिकायत जिला पूर्ति विभाग और एक शिकायत श्रम विभाग से संबंधित थी।
एसएसपी मनोज तिवारी, सीडीओ दीपक मीणा, एसडीएम रामविलास यादव समेत अनेक अधिकारी थे। बेहट में मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया। सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक तहसील दिवस में कुल 20 शिकायतें ही दर्ज कराई गई।
इस दौरान एसपी देहात रफीक अहमद, तहसीलदार योगेंद्र यादव, सीओ आदि ने जन समस्याएं सुनीं। मंगलवार को भी बैंक शाखाओं के बाहर मजदूरों और किसानों की बैंक शाखाओं के बाहर सुबह से ही लाइन लग गई थी।