सहारनपुर में देर रात घने कोहरे के दौरान सड़को पर पसरा सन्नाटा
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। साल के पहले दिन घना कोहरा छाया रहा। पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे तक कोहरे का प्रभाव रहा, लेकिन उसके बाद धूप निकल आई। इससे तापमान में वृद्धि तो हुई, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिल पाई। मौसम के इस रुख की वजह से ठिठुरन बनी रही।
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान शून्य और अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस था। दिन में धूप निकलने की वजह से ही अधिकतम तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई तो न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। मौसम में इस बदलाव को देखते हुए पूर्वानुमान है कि रविवार और सोमवार को बरसात भी हो सकती है, जिसके बाद सर्दी में और इजाफा हो जाएगा।
मुजफ्फराबाद स्थित मौसम वेधशाला के प्रभारी उमेश कुमार के मुताबिक धूप निकलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है, लेकिन अगले तीन दिन मौसम में बड़े बदलाव होने के संकेत हैं। शनिवार और रविवार को बूंदाबांदी हो सकती है तो सोमवार और मंगलवार को बरसात होने की संभावना है।
रूम हीटर की बिक्री में उछाल
सर्दी से बचाव के लिए लोग खूब जतन कर रहे हैं। वैसे तो रूम हीटर का प्रयोग बेहद सावधानी के साथ करना चाहिए, लेकिन सर्दी से बचाव के लिए रूम हीटर की खरीद बढ़ गई है। रूम हीटर में अलग अलग तरह के कंपनी के उत्पाद उपलब्ध हैं। इनमें हैलोजन रॉड वाले हीटर के अलावा ब्लोअर की कई रेंज मौजूद हैं। ऑयल ब्लोअर की कीमत 8000 से 13500 रुपये तक है जो ब्रांडेड कंपनियों के हैं। इनके अलावा सामान्य ब्लोअर 800 रुपये से 2200 रुपये तक बिक रहे हैं। हैलोजन रॉड वाले हीटर भी 1200 रुपये से 2200 रुपये तक अलग अलग रेंज में हैं। प्रताप मार्केट स्थित रूम हीटर विक्रेता विशाल और सन्नी ने बताया कि सर्दी बढ़ने की वजह से रूम हीटर की बिक्री बढ़ी है। उनके यहां से रोजाना पांच से 10 रूम हीटर की बिक्री हो रही है।
सहारनपुर में देर रात घने कोहरे के दौरान सड़को पर पसरा सन्नाटा- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में घने कोहरे में कोर्ट रोड़ से आते वाहन- फोटो : SAHARANPUR