चिलकाना। सुल्तानपुर से गंदेवड़ जाने वाली सड़क को एक बार फिर बिना किसी सूचना के बंद कर दिया गया है। सड़क बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुल्तानपुर से गंदेवड़ जाने वाली सड़क पर सुल्तानपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने टूटी हुई पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है। पुलिया का निर्माण पिछले 10 दिन से चल रहा है। एक सप्ताह पहले भी टूटी हुई पुलिया के बराबर में छोटे वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता बनाने के लिए सड़क को बंद कर दिया गया था।
बृहस्पतिवार को भी पुलिया के नीचे का फाउंडेशन बनाने के लिए सड़क को बंद किया गया है। पुलिया का फाउंडेशन बनाने के लिए निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है।
पुलिया बनाने वाली कंपनी ने एक बार फिर लोगों को बिना सूचना दिए सड़क पर आवागमन के लिए रोक दिया है। वाहनों के आवागमन रुकने से लोग परेशान हैं।
जब वह सुल्तानपुर में सड़क बंद देखते हैं, तो उन्हें पुनः वापस दूसरे मार्ग से गंदेवड़ की तरफ जाना पड़ रहा है। पुलिया का निर्माण कार्य देख रहे मजदूरों ने बताया कि उम्मीद है कि शुक्रवार को सड़क को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।