सहारनपुर। होली पर्व के बाद अब काम पर लौटने के लिए यात्रियों को जद्दोजहद करनी पड़ रही है। नियमित के साथ स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ की सफर कर रही है। रेलवे ने आठ स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। जो विभिन्न तिथियों में 27 मार्च तक संचालित होंगी। परिवहन निगम ने भी बसों के फेरे बढ़ाए हैं।
होली पर घर जाने की उत्सुकता और उसके बाद काम पर लौटने की जल्दी के बीच यात्रियों को सीट के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। नियमित ट्रेनों में तो कंफर्म सीट मिल ही नहीं रही है। यही हाल स्पेशल ट्रेनों का भी है। स्पेशल ट्रेनों में भी लोगों को सीट के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। प्लेटफार्म पर ट्रेन के आते ही यात्रियों की भीड़ उसमें सवार होने के लिए उमड़ पड़ती है। निगम की बसों को भी स्टेशन पर आते ही रवाना कर दिया गया है। 18 मार्च तक निगम के चालक और परिचालकों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई है।