सहारनपुर। इन दिनों स्वास्थ्य विभाग का ऑडिट चल रहा है। बृहस्पतिवार को लखनऊ से आई स्टेट ऑडिट टीम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में अभिलेख खंगाले, साथ ही बजट और टेंडर से संबंधित फाइलों का अवलोकन किया।
पिछले दिनों कैग की ऑडिट टीम ने टीबी अस्पताल का रिकॉर्ड खंगाला था। पांच से छह दिन तक चार सदस्यीय टीम ने एक-एक फाइल की बारीकी से जांच की थी। उसके बाद अब स्टेट की ऑडिट टीम पहुंची है। पहले दिन इस टीम में शामिल दो अधिकारियों ने एसबीडी जिला अस्पताल का रिकॉर्ड चेक किया था। महिला अस्पताल में भी टीम ने स्टेट बजट से संबंधित फाइलों का अवलोकन किया था।
बृहस्पतिवार को टीम मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में रही। घंटों तक टीम ने बजट, टेंडर और अन्य मदों में खर्च की गई धनराशि के अभिलेख देखे। पूरे वित्तीय में कितना स्टेट बजट स्वीकृत हुआ और उनमें से कहा-कहा पर कितना खर्च आदि की फाइलें चेक की। इसके बाद टीम टीबी सेनोटोरियम, एडी हेल्थ और सीएचसी-पीएचसी भी ऑडिट करेगी। ऑडिट होने से कुछ अधिकारी परेशान है।