व्यंजनों से गायब हुई छोटी इलायची की महक
सहारनपुर। खाद्य पदार्थों को स्वादिष्ट बनाने और महकाने वाली छोटी इलायची की खुशबू व्यंजनों से गायब हो रही है। इसकी वजह इलायची के दामों में आई भारी उछाल है। बाजार में पांच हजार से 5500 रुपये प्रति किलो छोटी इलायची बिक रही है। दाम अधिक होने की वजह से लोग इलायची कम ही खरीद रहे हैं और व्यापारी भी स्टॉक कम ही मंगवा रहे हैं।
छोटी इलायची गुणों की खान मानी जाती है, जिसका प्रयोग खाद्य पदार्थों, मसालों, आयुर्वेदिक दवाओं सहित पूजा की सामग्री में होता है, लेकिन बीते छह माह में छोटी इलायची के दामों में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है, जो इलायची 1800 से 2300 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, वह अब पांच हजार से 5500 रुपये किलो हो गई है। महंगी होने की वजह से लोगों ने छोटी इलायची का प्रयोग कम कर दिया है, लेकिन उसके बाद भी दामों में कोई खास गिरावट नहीं आई है।
केरल में आई बाढ़ है दाम बढ़ने का कारण
देश में इलायची का सबसे ज्यादा उत्पादन केरल में होता है। व्यापारी बताते हैं कि केरल से समूचे भारत में इलायची की खपत होती है। मगर, पिछले दिनों केरल में आई बाढ़ की वजह से इलायची का उत्पादन कम हो गया। यही वजह है कि इलायची के दामों में भारी उछाल आया है।
छह हजार रुपये तक पहुंचे थे दाम
मोरगंज बाजार के व्यापारी अनित गर्ग ने बताया कि इलायची के दाम छह हजार रुपये किलो तक पहुंच गए थे, लेकिन मांग कम हुई तो दामों में थोड़ी गिरावट आई है। बाजार में वैरायटी के हिसाब से इलायची पांच हजार से 5500 रुपये प्रति किलो बिक रही है। मोरगंज बाजार घेर चेंबर के व्यापारी चंदन कालरा ने बताया कि दाम बढ़ने की वजह से इलायची की बिक्री प्रभावित हुई है। बाजार में इलायची की मांग घट गई है। उत्पादन न होने की वजह से अभी इलायची के दाम घटने वाले नहीं है।