महाशिवरात्री पर मंदिरों की सुरक्षा रहेगी सख्त
सहारनपुर। इस बार महाशिवरात्रि श्री शिव और सिद्घियोग में मनेगी। यह योग अतिफलदायी है। विधिपूर्वक पूजा अर्चना करने से भगवान शंकर मनवांछित फल देते हैं। वहीं, शिवरात्री को लेकर मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है। शिव भक्त हरिद्वार और ऋषिकेश से कांवड़ लेकर भी लौट रहे हैं। वहीं, महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस ने मंदिरों पर सुरक्षा के चाक चौबंद प्रबंध किए हैं। जिलेभर के शिवालयों में शिवरात्रि पर श्रद्घालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में शिवालयों पर सीसीटीवी से भी नजर रखी जाएगी। महादेव मंदिर पर पुलिस तैनात रहेगी।
11 मार्च को महाशिवरात्रि को लेकर मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के प्राचीन सिद्घपीठ श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर और श्री बागेश्वर महादेव मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। इनके अलावा मेला गुघाल परिसर स्थित श्री विश्रामपुरी काल भैरव मंदिर, आवास-विकास श्री हरि मंदिर, गिल कॉलोनी के श्री नारायणपुरी मंदिर, तहसील शिव, बेहट रोड के श्री बालाजी धाम और साईं धाम समेत अनेक मंदिरों में तैयारियां चल रही हैं। मंदिरों को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। रात के समय मंदिर जगमगा रहे हैं। साथ ही कोरोना संक्रमण को लेकर भी एहतियात बरता जा रहा है।
- ऐसे करें अभिषेक
ब्रहमपुरी कॉलोनी स्थित श्री बगलामुखी मंदिर के अधिष्ठाता पंडित रोहित वशिष्ठ, श्री बालाजी धाम संस्थापक अतुल जोशी महाराज, श्री बालाजी धाम के संस्थापक अतुल जोशी महाराज और ज्योतिषाचार्य अमित भारद्वाज ने बताया कि शिवरात्रि पर शिव सिद्घि योग है जो अतिफलदायी है। महादेव शिव सर्वसमर्थ हैं और पापों को नष्ट करते हैं। सर्वप्रथम जलाभिषेक कर शिवलिंग पर चंदन का तिलक लगाएं। तत्पश्चात पुष्प अर्पित करें और पंचामृत से स्नान कराएं। धूप बत्ती और दीपक से भगवान की आरती उतारें। भगवान को चढ़ाए जाने वाले प्रसाद शिवलिंग पर न चढ़ाए। पात्र में रखकर भगवान को मिठाई और फल आदि अर्पित करें। शिव मंदिर की आधी परिक्रमा करें। एकांत स्थान में बैठकर ऊं नम: शिवाय मंत्र का 108 बार जप करें।
- शुभ मुर्हूत का समय
11 मार्च को शिव योग प्रात: 9:22 बजे तक है। उसके पश्चात सिद्ध योग शुरू होगा, जो पूरे दिन रहेगा। जलाभिषेक का शुभ मुहूर्त प्रात: 6:36 से 8:04 तक है। दोपहर 11 से दोपहर 03: 27 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल की पूजा शाम 06:24 बजे से 07:55 तक होगी।
-------
महाशिवरात्रि: तीसरी आंख की भी रहेगी नजर
सहारनपुर। महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस चौकस है। जिलेभर के शिवालयों में शिवरात्रि पर श्रद्घालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में शिवालयों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। महादेव मंदिर मंदिरों पर पुलिस तैनात रहेगी। एसएसपी डाक्टर एस चनप्पा और एसपी सिटी राजेश कुमार ने समस्त सीओ और थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।