सहारनपुर। जिला अस्पताल से जिलाधिकारी आवास के सामने को होेते हुए पेपर मिल फाटक तक लिंक मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढीकरण होगा। इसके लिए 19 करोड़ 22 लाख 34 हजार रुपये की स्वीकृति शासन से प्राप्त हो चुकी है। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने कार्य की तैयारी शुरू कर दी है।
पेपर मिल रोड और जिला अस्पताल पुल से यातायात के भार को कम करने के लिए टपरी मार्ग से रेलवे लाइन के ऊपर को होते हुए जिलाधिकारी आवास की ओर ओवरब्रिज बनाया जा रहा है, जिसके निर्माण का कार्य अब अंतिम दौर में है। इसके बाद टपरी की ओर से आने वाले वाहन, जिन्हें रेलवे लाइन से उत्तर की दिशा में आना है। उन्हें पेपर मिल रोड को होते हुए जिला अस्पताल पुल से नहीं गुजरना पड़ेगा।
वह नए पुल से सीधे जिलाधिकारी आवास की ओर उतरकर या तो जिला अस्पताल के सामने से या फिर पीछे से निकल रहे मार्ग से होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। इसके लिए जिलाधिकारी आवास के सामने की सड़क के चौड़ीकरण की जरूरत महसूस की गई थी। सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था, जो स्वीकार कर लिया गया है। चौड़ीकरण और सुदृढीकरण पर कुल लागत 19 करोड़, 22 लाख 34 हजार रुपये खर्च आएगा। पहली किस्त के रूप में एक करोड़ 80 लाख 12 हजार रुपये जारी कर दिए गए हैं।