शहर के कोर्ट रोड पर सर्राफा कारोबारी से लाखों की लूट के मामले में पीड़ित समेत काफी संख्या में व्यापारी बुधवार को एसएसपी आरपी यादव से मिले। उन्होंने मांग की कि इस मामले को क्राइम ब्रांच के हवाले कर जल्द से जल्द लुटेरों को पकड़ा जाए।
थाना सदर क्षेत्र में दो चौकियों के बीच स्थित सत्यम ज्वैलर्स के स्वामी राजीव जैन की कार से शीशा तोड़कर बैग लूट लिया गया था। इसमें लाखों के आभूषण के साथ ही सवा दो लाख रुपये की नगदी भी शामिल थी। इसके बाद से अब तक पुलिस लुटेरों तक नहीं पहुंच पाई है।
इसी मामले को लेकर बुधवार को पीड़ित सर्राफा कारोबारी राजीव कुमार जैन के अलावा अन्य कई व्यापारी एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसएसपी आरपी यादव से मांग की कि इस लूटकांड का जल्द खुलासा किया जाए। इसके लिए मामले को क्राइम ब्रांच को सौंपने की मांग की गई।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस इस मामले की छानबीन में लगी है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। एसएसपी से मिलने वालों में तुषार जैन, गौतम शंकर सिंघल, संजीव जैन, सुभाष अग्रवाल, प्रवीण गोयल, सावन वर्मा, रजत जैन, अभिनव जैन के अलावा आईआईए से जुड़े पदाधिकारी शामिल रहे।
शक में कर्मचारियों से पूछताछ ः लूट की इस वारदात में शक के आधार पर पुलिस ने कुछ कर्मचारियों को उठाया है। उनसे पूछताछ के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। इन लोगों से कुछ सुराग मिले तो जल्द ही प्रकरण का खुलासा हो सकता है।