संत रविदास जयंती पर शहर में संत रविदास की अद्भुत शोभायात्रा निकाली गई। विभिन्न बैंडबाजों की धुन पर निकली शोभायात्रा में सुंदर झांकियां सभी के आकर्षण का केंद्र रही।
माधो नगर स्थित गढ़ी मलूक नंबर एक से गुरु रविदास मंदिर सेवा समिति की ओर से निकली शोभायात्रा का शुभारंभ पूर्व राज्यमंत्री संजय गर्ग, नगर विधायक राजीव गुंबर, बसपा के मुकेश दीक्षित, इंद्रपाल आर्य, राहुल भारती, विनोद, सतीश आजाद आदि ने संयुक्त रूप से किया।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां दूर से ही सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। विभिन्न बैंडबाजों की धुन पर भक्तजन नाचते गाते चल रहे थे। शोभायात्रा के माधोनगर से होकर पुरानी चुंगी पहुुंचने पर गढ़ी मलूक नंबर दो से निकाली गई शोभायात्रा भी इसमें शामिल हो गई।
इसमें अध्यक्ष अनुराग बर्मन, विनोद कुमार, विरेंद्र कुमार आदि रहे। उधर, संत गुरु रविदास प्रगति संस्था की ओर से जाटव नगर से निकली शोभायात्रा का शुभारंभ भाजपा नेता नेपाल सिंह, चौकाराय, राजेश, धर्मसिंह गौतम, मदनलाल आदि ने किया। इसमें अध्यक्ष प्रेमपाल, अमरनाथ, एमआर दुआ, दीनानाथ, राजेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। शारदानगर से निकली शोभायात्रा का शुभारंभ रामकुमार ने किया।
शहर के विभिन्न शोभायात्राएं एक साथ पुरानी चुंगी पर इकट्ठा होकर भव्य शोभायात्रा का रूप धारण कर शहर भर में निकली। शोभायात्रा पुल खुमरान, मोरगंज बाजार, चौक फव्वारा, दीनानाथ बाजार, बडतला यादगार होते हुए देर रात्रि वापस मंदिर परिसर में पहुुंचकर सम्पन्न हुई। उधर, ग्राम रामनगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा में बैंडबाजों की धुन पर आकर्षक झांकियां चल रही थी। शोभायात्रा पूरे गांव का भ्रमण करने के पश्चात वापस मंदिर परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। ग्राम प्रधान सुनीस सहगल, सुरेश कुमार, प्रवीण, सचिन, मनीष, जनेश, रमेश आदि मौजूद रहे।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकली शोभायात्रा
सहारनपुर। सरकड़ी खुमार गांव में शोभायात्रा को लेकर हुए सांप्रदायिक बवाल के बाद रविवार को निकाली गई शोभायात्रा कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच निकाली गई। थाना क्षेत्रों के प्रभारी के अलावा क्षेत्राधिकारियों और पुलिस कप्तान शोभायात्राओं के रूट और समापन को लेकर अलर्ट रहे।
अंबेहटा/बड़गांव। संत शिरोमणी गुरु रविदास जयंती महोत्सव अंबेहटा और बड़गांव में धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान भव्य शोभायात्रा निकाली गई। अंबेहटा में निकाली गई शोभायात्रा में महावीर अखाड़ा दल के कलाकारों ने पट्टे का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मोहल्ला गुहा स्थित रविदास मंदिर मे पूजा अर्चना के साथ हुआ। वक्ताओं ने संत रविदास के जीवन पर प्रकाश डाला। दोपहर बाद विशाल शोभायात्रा निकाली गई। बैंडबाजों और मोहक झांकियों के साथ निकाली गई शोभायात्रा मोहल्ला पटियान, पासरा, गुजरान, खेवट, खाकरोबान, शाहबुतराय, नयांबास, मेन बाजार से होते हुए वापस रविदास मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में भक्त जन गुरु रविदास का गुणगान करते चल रहे थे।
इस दौरान डॉ. बिंदरपाल कल्याण, अंकुर, जैकी, ऋषिपाल, जातीराम, देवेंद्र कुमार, साधूराम, श्यामलाल, शीशराम, लालाराम, अनिल, धर्मेंद्र, अमरेश, पवन, सोनू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली प्रभारी नकुड सुशील सैनी व चौकी प्रभारी दीपक चौधरी पूरे समय मय फोर्स तैनात रहे।
बड़गांव में विभिन्न झांकियों से सुसज्जित शोभायात्रा बैंडबाजों के साथ निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ रविदास मंदिर से हुआ। इसके बाद कस्बे के मेन बाजार, नानोता मार्ग, रूहेला बस्ती वाल्मीकि बस्ती और दलित बस्ती होकर वापस रविदास मंदिर पर पहुंच शोभायात्रा का समापन किया गया।