फरार बंदी के पकड़े जाने पर खुलासा करते एसपी सिटी विनीत भटनागर
- फोटो : SAHARANPUR
पेशी से फरार हुआ बंदी पकड़ा, लापरवाही पर पांच पुलिसकर्मी निलंबित
सहारनपुर। कोर्ट में पेशी के दौरान सदर हवालात से फरार हुए बंदी शौकीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बंदी की फरारी के मामले में लापरवाही बरतने पर हवालात इंचार्ज और पेशी पर निगरानी में रहे चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार आरोपी थाना सरसावा के गांव अलीपुरा निवासी शौकीन उर्फ सोल्ली पुत्र मुमताज को पुलिस लाइन सभागार में मीडिया के सामने पेश किया। एसपी सिटी ने बताया कि शौकीन के खिलाफ पिछले वर्ष थाना सरसावा में दुष्कर्म, मारपीट और एससीएसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया था। 12 जनवरी 2020 को थाना सरसावा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
बुधवार को शौकीन कचहरी परिसर स्थित सदर हवालात से लघुशंका के बहाने पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने तीन टीमें गठित की थीं। पुलिस ने शौकीन को बृहस्पतिवार सुबह करीब 9:15 थाना सरसावा क्षेत्र के मिर्जापुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में प्रतिसार निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव की ओर से धारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
लापरवाही में इन्हें किया निलंबित
सदर हवालात से फरार होने वाले बंदी शौकीन की निगरानी में लापरवाही बरतने के आरोप में हवालात इंचार्ज मुख्य आरक्षी (प्रोन्नत) अनिल कुमार, कांस्टेबल अरविंद, कांस्टेबल महेंद्र, कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल अरविंद कुमार के खिलाफ प्रतिसार निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव ने कोतवाली सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कराया था। इन्हें निलंबित कर दिया गया है।