बिहारीगढ़। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। प्रधानमंत्री का अभी तक अधिकारिक शेड्यूल नहीं आया है, लेकिन बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री एक्सप्रेसवे लोकार्पण कर सकते हैं। गणेशपुर के रेस्ट एरिया के पास प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की सभा हो सकती है।
शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने गणेशपुर पहुंचकर हेलीपैड से लेकर सभा स्थल पर की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों सीडीओ सुमित राजेश महाजन और एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह के साथ गणेशपुर में बनाए जा रहे हेलीपैड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनएचएआई की दिल्ली से आई टीम के अधिकारियों के साथ वार्ता कर व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारी मनोहरपुर के पास नेशनल हाईवे स्थित रेस्ट एरिया पहुंचे। माना जा रहा है कि यहां पर प्रधानमंत्री की जनसभा होगी। हालांकि अभी तक प्रधानमंत्री के दौरे का कोई अधिकारिक कार्यक्रम जिला प्रशासन को नहीं मिला है। अधिकारियों ने सभा स्थल तक पहुंचने के लिए अस्थायी कट बनाने पर भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आगमन से एक दिन पहले हाईवे को बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड के आसपास बिजली की लाइनों और पोल हटाने के निर्देश भी दिए। साथ ही आसपास खड़े पेड़ों को हटाने पर भी विचार किया गया। अधिकारियों ने हेलीपैड के चारों ओर की भौगोलिक स्थिति का पैदल घूमकर जायजा लिया ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न रहे। सभा के बाद प्रधानमंत्री और अन्य वीआईपी एलिवेटेड रोड से होते हुए डाट काली मंदिर में दर्शन के लिए भी जा सकते हैं। इसके मद्देजनर जिला प्रशासन एलिवेटेड रोड पर भी सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियां कर रहा है।
इस शेड्यूल से चल रही तैयारी
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर गणेशपुर के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरेगा। इसके दूसरी तरफ मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरेगा। यहां पर प्रधानमंत्री का स्वागत होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री वाया कार से डाट काली मंदिर होते हुए देहरादून पहुंचेंगे और वहां पर जनसभा करेंगे। उसी समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गणेशपुर में जनसभा कर सकते हैं।