-शिक्षक नेताओं ने शाम छह बजे विद्यालय में बच्चों को बिठाकर बिना संसाधन के प्रसारण दिखाने को अव्यवहारिक बताया
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग का प्रसारण विद्यालयों में बुधवार शाम 5:15 बजे से 6:15 बजे तक दिखाने के आदेश ने शिक्षकों को टेंशन दे दी है। शिक्षक नेताओं ने मुख्यमंत्री और माध्यमिक शिक्षा निदेशक को पत्र लिखकर आपत्ति दर्ज करा दी है। शिक्षकों का कहना है कि विद्यार्थियों को सुबह आठ बजे से शाम 6:15 बजे तक विद्यालयों में रोकना तथा बिना संसाधनों के प्रसारण दिखाना अव्यवहारिक है। इससे समस्या होगी।
प्रसारण दिखाने को लेकर बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशकों द्वारा जारी आदेश के अनुपान में स्थानीय स्तर पर जिला विद्यालय निरीक्षक और अन्य अधिकारियों ने शिक्षकों को निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पदाधिकारियों ने इस संबंध में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशकों को पत्र लिखा है। संगठन का कहना है कि उनके शिक्षक अपने विद्यार्थियों को घरों पर टेलीविजन के माध्यम से प्रसारण देखने के लिए प्रेरित कर सकते हैं, लेकिन विद्यार्थियों को सुबह से शाम तक विद्यालयों में रोकना संभव और उचित नहीं होगा।
उधर, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ऐसा ही पत्र लिखा गया है। संगठन पदाधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि छोटे बच्चों को शाम तक रोका नहीं जा सकता है। इसके अलावा विद्यालयों में प्रसारण दिखाने के लिए टेलीविजन, प्रोजेक्टर, इनवर्टर आदि की व्यवस्था नहीं है। बिजली का भरोसा नहीं है कि वह शाम को आएगी ही। जिलाध्यक्ष राजकुमार चौधरी का कहना है कि प्रसारण के दिन शिक्षक शिक्षिकाओं के लिए सार्वजनिक आवागमन की व्यवस्था की जाए। अन्यथा मुश्किल होगी।