सहारनपुर। महानगरवासियों को काफी अरसे बाद स्थायी बस स्टैंड की सौगात मिली है। बस स्टैंड के निर्माण को लेकर परिवहन निगम तेजी से कार्य कर रहा है। महानगर में बनने वाले बस स्टैंड को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा, जिसमें यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
विगत कई वर्षों से महानगर में स्थाई बस स्टैंड की मांग की जा रही थी। जमीन को लेकर कई स्तरों पर हुई बातचीत हुई। इसके बाद दिल्ली रोड स्थित आवास विकास की जमीन को स्थाई बस स्टैंड के लिए फाइनल किया गया। बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए एसी वेटिंग हॉल बनाया जाएगा।
इसके साथ ही फूड प्लाजा, आधुनिक शौचालय, बसों के आवागमन की जानकारी के लिए डिजिटल स्क्रीन लगाई जाएंगी। इसके साथ ही अन्य सुविधाएं विकसित होंगी। बता दें कि गत माह ही परिवहन निगम ने स्थाई बस स्टैंड की जमीन की रजिस्ट्री कराई है। वर्तमान में महानगर में तीन स्थानों रेलवे स्टेशन, कांशी राम कालोनी और मानकमऊ से बसों को संचालित किया जा रहा है।