सहारनपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में मां और भाई की हत्या की धमकी देकर पड़ोस में ही रहने वाले एक युवक ने किशोरी से दुष्कर्म कर दिया। आरोप है कि परिजनों से शिकायत करने पर उसकी मां के साथ मारपीट भी की गई। पीड़िता की मां ने आरोपी युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी एक किशोरी की मां का कहना है कि 22 नवंबर को वह घरों में काम करने के लिए गई हुई थी और उसकी बेटी घर में अकेली थी। किशोरी की मां का आरोप है कि सुबह करीब दस बजे पड़ोस में ही रहने वाला युवक उनके घर में घुस आया और उसकी बेटी से दुष्कर्म की कोशिश की। जब उसकी बेटी ने विरोध किया तो उसे मां और भाई की हत्या करने की धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद आरोपी फरार हो गया। वापस लौटने पर उसकी बेटी ने उसे पड़ोसी की करतूत बताई। किशोरी की मां का आरोप है कि जब उसने आरोपी के घर जाकर आरोपी युवक की शिकायत की तो आरोपी की मां और भाई ने भी उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की। पड़ोस के लोगों ने उसकी जान बचाई। इस मामले में किशोरी की मां ने आरोपी नीरज के खिलाफ रिपोर्ट कराई है। सदर कोतवाली निरीक्षक पंकज पंत ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर नीरज के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। मारपीट का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। आरोपी को तलाश किया जा रहा है।