- खुला मिला मुख्य दरवाजा, बेटा मुजफ्फरनगर और बेटी की हो चुकी है शादी
- पति चले जाते थे दुकान पर, घर में अकेली ही रहती थी पूनम
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेहटा। पूनम मित्तल हत्याकांड को अंजाम देने वाले नजदीकी हो सकते हैं। पूनम घर पर अकेली ही रहती थी, जबकि बेटा मुजफ्फरनगर अपनी पत्नी के साथ रहता है और बेटी की शादी हो चुकी है। सीढि़यों वाले दरवाजे को पूनम तभी खोलती थी, जब कोई परिचित हो।
पति संजय मित्तल ने बताया कि मकान का मुख्य दरवाजा सामान्यतः खुला रहता था, लेकिन पहली मंजिल पर सीढ़ियों के पास लगा दरवाजा पूनम केवल परिचित लोगों के आने पर ही खोलती थीं। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि वारदात में शामिल व्यक्ति नजदीकी हो सकता है। उन्होंने बताया कि जिस कमरे में पूनम की हत्या की गई, वहां रखी अलमारी खुली हुई थी और उसका सामान बिखरा पड़ा था। आशंका है कि पूनम ने आरोपियों को पहचान लिया होगा या फिर लूट का विरोध कर रही हो। इसी कारण हत्या की गई। इस मामले में पुलिस ने नौकर को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। एसपी देहात मयंक पाठक, सीओ रुचि गुप्ता, अशोक सिसोदिया ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की।
बेटे की मुजफ्फरनगर में लोहे की फैक्टरी
बेटे वैभव की मुजफ्फरनगर में लोहे की फैक्टरी है। वह पत्नी और बच्चों के साथ मुजफ्फरनगर में ही रहते हैं। फैक्टरी के साथ ही फर्नीचर का शोरूम भी खोला हुआ है। बेटी का शादी हो चुकी है।
वर्जन
महिला की हत्या के मामले में नौकर को हिरासत में लिया गया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
अभिनंदन सिंह, एसएसपी