देवबंद। नगर पालिका परिषद में बृहस्पतिवार को बोर्ड की बैठक का आयोजन हुआ। इसमें आय-व्यय समेत विकास से संबंधित सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए। इसमें प्रमुख समस्या रोडवेज बस स्टेशन के लिए नगर पालिका के स्वामित्व की जमीन 30 वर्षों के लिए परिवहन विभाग को पट्टे पर देने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई।
पालिका सभागार में हुई बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से वर्ष 2025-26 के लिए अनुमानित आय 59 करोड़ 58 लाख 89 हजार रुपये और अनुमानित व्यय 49 करोड़ 17 लाख 10 हजार रुपये का बजट स्वीकार किया गया। रोडवेज बस स्टेशन के लिए जमीन दिए जाने, जनहित में आंगनबाड़ी केंद्र की स्थापना किए जाने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। चेयरमैन विपिन गर्ग ने कहा कि आधुनिक बस स्टेशन की स्थापना कराए जाने के लिए परिवहन निगम को पालिका की स्वामित्व वाली जमीन को पट्टे पर देने का प्रस्ताव स्वीकार किया गया है। इस मौके पर ईओ डाॅ. धीरेंद्र राय, सभासद मनोज सिंघल, सुधा अजय गांधी, हैदर अली, कुलदीप सैनी, शाहिद हसन, हारिस सैयद आदि मौजूद रहे।