सहारनपुर में एक्साइज ड्यूटी के विरोध में आंदोलन चला रहे सराफा कारोबारी सोमवार को घंटाघर चौक पर प्रदर्शन के दौरान एक अन्य गुट के साथ झड़प हो गई।
इस में एक कारोबारी को हार्टअटैक पड़ने से सराफा कारोबारियों में अफरातफरी मच गई। आनन फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
इसके बाद आक्रोशित शहर के सराफ कारोबारियों ने मारपीट करने वाले लोगों को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए घंटाघर से दिल्ली रोड तक सांसद के पुतले की शवयात्रा निकाली। उनके आवास के बाहर पुतला फूंक कर जमकर नारेबाजी की।
उधर, देर शाम इस संबंध सिटी कोतवाली में कई अज्ञात भाजपाइयों के खिलाफ तहरीर दी गई है। सराफा पंचायत 41 दिन से एक्साइज ड्यूटी वापस कराने की मांग को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन चला रही है।
इस क्रम में सोमवार को सराफा पंचायत के बैनर तले शहर भर के सराफा संगठन, आम आदमी पाटी कार्यकर्ता और व्यापारी संगठन भूख हड़ताल पर बैठे राकेश गुप्ता के नेतृत्व में जुलूस और वित्त मंत्री अरुण जेटली की शव यात्रा निकाल रहे थे।
जुलूस के दौरान सराफा कारोबारियों ने घंटाघर चौक पर जाम लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान सराफा कारोबारियों की एक अन्य गुट के साथ मारपीट हो गई।
मारपीट में सराफा पंचायत के मुख्य संयोजक पवन गोयल को हार्टअटैक पड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। इससे अफरातफरी मच गई। आनन फानन में पवन गोयल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत को गंभीर मानते हुए आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया।
उधर, सराफा कारोबारियों और उनके नेताओं ने मारपीट करने वाले लोगों को सांसद राघव लखनपाल शर्मा द्वारा भेजे गए भाजपा के कार्यकर्ता और गुंडे बताया। आरोप है कि भाजपा केंद्र के साथ ही जनपद में भी उनके आंदोलन को विफल करने में जुटी है, जिसके लिए वह कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
इससे आक्रोशित कारोबारियों ने राकेश गुप्ता के नेतृत्व में घंटाघर से सांसद राघव लखनपाल शर्मा के दिल्ली रोड स्थित आवास तक सांसद के पुतले की शव यात्रा निकाली। इसकी सूचना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
तुरंत ही सीओ द्वितीय अमित नागर कई थानों की फोर्स के साथ सांसद के आवास पर पहुंच गए। यहां पहुंचे सराफ कारोबारियों ने मांग न माने जाने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दोहराई और आवास के सामने ही सांसद का पुतला फूंका।
इस दौरान सांसद और नगर विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। रामराजीव सिंघल, विभू गोयल, शांति जैन, संजीव जैन पप्पू, हेमचंद जैन, विपिन जैन, सचिन जैन, राकेश सिंघल, नीलकमल रस्तौगी, नीरज शर्मा, रमन वर्मा, अमित वर्मा, बॉबी ठाकुर, सौरभ जैन, निष्काम जैन, राजन जैन, राधेश्याम नारंग, राजेश गुलाटी, गौतम शंकर सिंघल आदि शामिल रहे।
उधर, भारतीय उद्योग संयुक्त व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष आशीष वैश्य, नितिन गर्ग, जितेंद्र कक्कड़, प्रशांत गोयल ने घटना की निंदा की। उधर, भाजपा नेता रणदीप पुंडीर ने कहा कि कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने वाले थे, जिनका विरोध किया गया।