सहारनपुर। अदालत में पेश करने के लिए लाया जा रहा बदमाश पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। आरोपी महताब उर्फ मटरू नकुड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव धौराला का रहने वाला है, जिसे पुलिस ने तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था।
वारदात बुधवार को अपराह्न पौने चार बजे हुई। नकुड़ कोतवाली से सिपाही बिजेंद्र और साथी होमगार्ड दो आरोपियों को सहारनपुर स्थित कोर्ट में पेश करने के लिए लाए। जैसे ही कोर्ट रोड पर वह टेंपो से लेकर दीवानी कचहरी के पास पहुंचे तो महताब ने किसी तरह हथकड़ी से हाथ निकाल लिया और टेंपो रुकते ही कूदकर भाग गया। वह कोर्ट रोड से पार्श्वनाथ प्लाजा की ओर भागा और अंदर गली में घुस गया। पुलिस कस्टडी से आरोपी फरार होने पर हड़कंप मच गया। थाना सदर से पुलिस की टीमें खोजबीन के लिए पहुंची। आसपास की कई कालोनियों और पार्किंग स्थल आदि जगह पर तलाश किया गया, मगर फरार आरोपी महताब का कुछ पता नहीं चल सका। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एसपी सिटी का कहना है कि फरार हुए आरोपी को तलाश कराने में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। घटना की जांच भी कराई जा रही है। यदि पुलिसकर्मियों की लापरवाही रही है तो कार्रवाई होगी।
मिशन कंपांउड स्थित बने फ्लेट में बंदी को ढूंढने के लिए कांबिंग करती पुलिस।- फोटो : SAHARANPUR