सहारनपुर। अमृत भारत योजना से रेलवे स्टेशन की सूरत बदल गई। 15 करोड़ रुपये की लागत से प्रथम चरण का काम पूरा हो चुका है। 22 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। शनिवार को नॉर्दर्न रेलवे के जीएम एके वर्मा ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। कमियां मिलने पर समय रहते सुधार के निर्देश दिए।
शनिवार को नॉर्दर्न रेलवे के जीएम एके वर्मा विशेष निरीक्षण यान से सहारनपुर पहुंचे। उन्होंने बीच में पड़ने वाले रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करते हुए रेलवे ट्रैक को भी जांचा। रेलवे स्टेशन पर द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, विश्राम कक्ष, जीआरपी थाने का मालखाना व पुरुष बंदी गृह देखा। इसके अलावा भोजनालय का निरीक्षण किया। जीएम ने बताया कि अमृत भारत योजना के प्रथम चरण में 103 रेलवे स्टेशन का काम पूरा हो गया है। 22 मई को प्रधानमंत्री ऑनलाइन लोकार्पण करेंगे।
इसमें नॉर्दर्न रेलवे के तीन स्टेशन हैं, जिनमें सहारनपुर, बिजनौर और बैजनाथ पपरोला है। अमृत भारत योजना से जहां एक ओर रेलवे स्टेशन का मुख्य गेट लोगों को आकर्षित कर रहा है तो वहीं प्लेटफार्म पर ग्रेनाइड पत्थर चमक रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों गेट की तरफ पार्किंग तैयार की गई है। खास बात यह है कि रेलवे स्टेशन पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा लोगों के आकर्षण का केंद्र है। रात के समय रंग-बिरंगी लाइटों के बीच स्टेशन की शोभा बढ़ा रही।
-
एक और फुट ओवरब्रिज बनाने का प्लान
जीएम एके वर्मा ने बताया कि सहारनपुर बड़ा शहर है और यहां के रेलवे स्टेशन पर यात्री संख्या बढ़ रही है। रेलवे स्टेशन पर एक और फुट ओवरब्रिज बनाने की प्लानिंग है, ताकि आने वाले समय में यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
डीआरएम ने हटवाए बैरिकेडिंग व बैनर
जीएम ने पहले अंबाला मंडल के डीआरएम विनोद भाटिया ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। प्लेटफार्म नंबर चार के पास आरपीएफ के बैरिकेडिंग दिखाई दिए, जिन्हें तुरंत हटवाने के लिए कहा गया। इसके बाद प्लेटफार्म नंबर चार पर ही आड़े-तिरछे बैनर को हटवाया।