सहारनपुर। मोहल्ला बड़तला यादगार में हुए हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। घर के अंदर आग धधक रही थी और बाहर किशोरी के माता और पिता बिलख रहे थे। घटना के बारे में जिसने भी सुना वह हैरान रह गया।
बुधवार सुबह मोहल्ला बड़तला यादगार स्थित एक मकान में आग लग गई। घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई तो कुछ लोग उठे भी नहीं थे। मकान में आग लगने की खबर पूरे मोहल्ले में फैल गई। हर कोई घटना पर दौड़ा। पहले तो कुछ देर तक धुआं उठता रहा। इसके बाद देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगीं। लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझी। बाद में लोगों ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलानी पड़ी, जब तक गाड़ी आती तब तक घर का सारा सामान जलकर राख हो गया था। गली इतनी संकरी थी कि गाड़ी अंदर तक नहीं पहुंच पाई।
पाइप लगाकर घर में लगी आग पर काबू पाया जा सका। झकझोर करने वाली बात यह है कि 13 साल की किशोरी अंदर जलती रही। बाहर खड़े लोग कुछ भी नहीं कर पाए। किशोरी की मां बार बार बेहोश होती रही। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग बुझी तो लोग घर के अंदर पहुंचे। देखा कि किशोरी का शव उसके कमरे में बेड पर पड़ा है, जो पूरी तरह से जला हुआ था। बेटी का शव देखकर पिता के पैरों तले से जमीन खिसक गई। शव को बाहर निकाला गया। आग लगने का कारण शाॅर्ट सर्किट माना गया। यह भी देखा कि शाॅर्ट सर्किट किशोरी के कमरे से हुआ या फिर अन्य कमरे से। रसोई भी देखी, लेकिन कुछ पता नहीं लग पाया।