- गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के इटावा गांव से कुतुबशेर क्षेत्र में उनाली गांव आई थी बारात
- देहात कोतवाली में चिलकाना रोड पर वर्धमान कॉलोनी निवासी व्यक्ति की हुई मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गांव उनाली गांव में मजाक में मोबाइल फोन छीनने पर दूल्हे के मौसा से मारपीट कर दी। इससे उनके सीने में दर्द हो गया। बाद में हालत बिगड़ने पर उनकी जान चली गई। परिजनों ने कुछ युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव इटावा निवासी श्यामलाल के बेटे अनुज की शादी बृहस्पतिवार को कुतुबशेर क्षेत्र के गांव उनाली में हुई थी। बारात में वर्धमान कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय महीपाल भी शामिल हुए थे, जो रिश्ते में दूल्हे के मौसा लगते हैं। शादी समारोह के दौरान दोनों पक्षों के लोग खाना खा रहे थे। इसी बीच कुछ युवकों ने मजाक करते हुए महीपाल का मोबाइल फोन उठा लिया।
फोन वापस लेने को लेकर महीपाल और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की व हाथापाई होने लगी। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान महीपाल के सीने पर लात-घूंसे मारे गए। परिजनों ने उन्हें पास के एक निजी चिकित्सक के यहां दिखाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। आरोप है कि देर रात उनकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। इसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। शुक्रवार सुबह उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के भतीजे राजवीर सैनी ने आरोप लगाया कि बारात में मौजूद कुछ युवकों की मारपीट के कारण ही महीपाल की जान गई।
महीपाल के एक बेटा-बेटी
महीपाल की मौत से परिवार में खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक के एक बेटा और एक बेटी हैं। बेटी की शादी हो चुकी है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया।
वर्जन
मोबाइल फोन छीनने को लेकर विवाद हुआ था। अभी पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही वजह पता चलेगी। - व्योम बिंदल, एसपी सिटी
मृतक महीपाल का फाइल फोटो। मोबाइल छीनने वाली घटना का&nbs