फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी सरकार बदल देगी रेलवे की तस्वीर

Wed, 06 Jan 2016 12:29 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, देवबंद
विज्ञापन
विज्ञापन
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने मंगलवार को देवबंद रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं स्टेशन के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया। रेल राज्यमंत्री ने देवबंदवासियों को इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के स्टॉपेज की सौगात देकर उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया।
विज्ञापन


संगम और राजरानी एक्सप्रेस का सहारनपुर तक विस्तार की मांग को जल्द ही बोर्ड से विचार-विमर्श कर पूरा करने का आश्वासन दिया। इससे पहले, मुजफ्फरनगर में 376.78 करोड़ रुपये की मुजफ्फरनगर-टपरी रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना का भी शिलान्यास किया।

मंगलवार को मुजफ्फरनगर-टपरी दोहरीलाइन के शिलान्यास के बाद देवबंद पहुंचे रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने यहां यात्री सुविधाओं के विस्तार और स्टेशन के नवीनीकरण कार्य की नींव रखी। इस दौरान रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने आगामी चार वर्षों में रेलवे विभाग की कायापलट करने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन


रेलवेलाइन के दोहरीकरण व विद्युतीकरण के लिए रेलवे के वर्ष 2012-13 के बजट में मेरठ से मुजफ्फरनगर तक 175 करोड़ रुपये रखे गए थे। जबकि 2015-16 के बजट में मेरठ से टपरी तक 500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह कार्य आगामी लोकसभा चुनाव से पूर्व संपन्न करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में 2500 किमी लंबी रेलवे लाइन का विस्तार किया जाएगा।

रेल राज्यमंत्री सिन्हा ने कहा कि प्रतिवर्ष तीन हजार किमी रेलवे लाइन बिछाई जाएगी। भारतीय जीवन बीमा निगम साढ़े पांच लाख करोड़ रुपये रेलवे में निवेश करेगा। ए व बी कैटेगरी के रेलवे स्टेशन वाईफाई से लैस होंगे। 12 स्टेशन अब तक वाईफाई से लैस किए जा चुके हैं।

महिला कोच में महिला सुरक्षाकर्मी तैनात की जाएगी। मेरठ से टपरी तक रेलवे लाइन का दोहरीकरण व विद्युतीकरण कार्य आगामी तीन वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा। देवबंद रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं व नवीनीकरण कार्यों के अतिरिक्त प्लेटफार्म शेल्टर, द्वितीय श्रेणी का प्रतीक्षालय के निर्माण सहित स्टेशन का सुंदरीकरण किया जाएगा।

इस मौके पर  केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, सांसद राघव लखनपाल शर्मा, राज्यसभा सांसद मुनकाद अली, सांसद राजपाल सिंह, विधायक राजीव गुंबर, थानाभवन विधायक सुरेश राणा, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ए.के. पुठिया, डीआरएम अरुण अरोड़ा आदि मौजूद रहे।

देवबंदवासियों की मुराद पूरी
देवबंद। देवबंदवासियों की करीब 10 वर्षों से चली आ रही इंटरसिटी के स्टॉपेज की मांग मंगलवार को आखिर पूरी हो ही गई। रेल  राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने मंच से घोषणा की कि मंगलवार से ही इंटरसिटी देवबंद में रुकना आरंभ हो गई है।  गौरतलब है कि दिल्ली-अंबाला इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के स्टॉपेज को लेकर लंबे समय से क्षेत्रवासी मांग करते चले आ रहे थे।

इसके लिए विभिन्न संगठनों ने समय-समय पर धरना प्रदर्शन कर रेलवे  विभाग ही नहीं, अपितु जनप्रतिनिधियों की मार्फत ज्ञापन भी भेजे थे। हवाला  दिया गया कि इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम और सिद्धपीठ श्री त्रिपुर  मां बाला सुंदरी देवी का मंदिर होने के कारण देवबंद ऐतिहासिक शहर है।

 ऐसे में इंटरसिटी का स्टॉपेज यहां पर बेहद जरूरी है। सांसद राघव  लखन पाल शर्मा के प्रयासों से लोगों को इसमें सफलता मिली है। सांसद ने कहा  कि वह लगातार रेलवे लाइन के दोहरीकरण व इंटरसिटी के स्टॉपेज की मांग केंद्र  सरकार के समक्ष रखते आ रहे थे। मोदी सरकार ने उनकी उक्त मांगों को मानते  हुए रेलवे विभाग को इसकी मंजूरी दे दी है।

वाई-फाई से लैस होगा देवबंद का रेलवे स्टेशन
देवबंद। देवबंद रेलवे स्टेशन बी कैटेगरी में शामिल होने के कारण इसे आधुनिक बनाया जाएगा। रेलवे स्टेशन पर वे तमाम सुविधाओं यात्रियों को मुहैया होंगी, जो ए कैटेगरी के रेलवे स्टेशनों पर मिलती हैं। इसमें वाईफाई की सुविधा भी शामिल है। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने देवबंद स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार व स्टेशन का नवीनीकरण कार्य के शिलान्यास दौरान उक्त बात कही।

सिन्हा ने कहा कि मुजफ्फरनगर से टपरी तक 51.53 किमी लंबी रेलवे लाइन के दोहरीकरण व विद्युतीकरण पर 376.78 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उक्त लाइन पर छह लूप लाइन, नौ हाई लेवल प्लेटफार्म तथा छह फुट ओवरब्रिज बनाए जाएंगे।

इनके अलावा देवबंद, नागल, तलहेड़ी बुजुर्ग समेत छह रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। देवबंद रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं व नवीनीकरण कार्य पर 99.30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सिन्हा ने बताया कि संगम एक्सप्रेस व राजरानी का सहारनपुर तक विस्तार करने पर शीघ्र निर्णय ले लिया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें