सहारनपुर। फर्जी फर्मों का खेल नहीं रुक रहा है। फर्जी बिलिंग, बोगस आईटीएस क्लेम कर करीब 15 करोड़ रुपये की चोरी पकड़ी गई है। राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर फर्जी फर्म बनाने वालों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
राज्य कर विभाग में खंड-एक के सहायक आयुक्त ने बताया कि यह मामला फर्म एस दुर्गा ट्रेडर्स से जुड़ा है। फर्म का पंजीयन ललित कुमार यादव निवासी मेन रोड जिला जौनपुर के नाम से किया गया था, जबकि व्यापार स्थल नरेश विहार देवबंद पर संचालित बताया गया। जांच में पाया गया कि ललित कुमार यादव ने अन्य फर्मों के साथ मिलकर वित्तीय वर्ष 2023-24 में फर्जी बिल बनाकर बोगस आईटीएस क्लेम किया। इस तरीके से सरकार को 1.83 करोड़ का राजस्व पहुंचाया है। दूसरा मामला परिवर्तन बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी का है। जांच में सामने आया कि बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट का दावा कर 7.98 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की है।
कंपनी का व्यावसायिक पता गांव घाटमपुर नकुड़ है, जबकि इसका वास्तविक संचालन हरियाणा के गुरुग्राम स्थित टारुन कोऑपरेटिव सोसायटी से किया जा रहा था। तीसरा मामला जगदंबा इंटरप्राइजेज नामक फर्म का है। इसका पंजीकरण दीपक निवासी रुकनुद्दीनपुर के नाम पर किया गया है। दीपक ने अन्य फर्मों के साथ मिलकर वित्तीय वर्ष 2025-26 में फर्जी बिलिंग और बोगस आईटीसी क्लेम कर 6.60 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया। विभाग की लगातार कार्रवाई के बावजूद फर्जी जीएसटी पंजीकरण और बोगस आईटीसी क्लेम के मामलों में कमी नहीं आ रही है।