सहारनपुर। सरसावा एयरपोर्ट के पास आवास विकास परिषद की प्रस्तावित टाउनशिप अधर में लटक गई। पुराने अधिकारियों का तबादला हो गया और नए अधिकारियों को योजना की जानकारी ही नहीं। ऐसे में शासन को प्रस्ताव भी नहीं भेजा गया। अक्तूबर 2024 में सरसावा में सिविल एयरपोर्ट की शुरुआत हुई थी। तब आवास विकास परिषद ने एयरपोर्ट के पास दो हजार एकड़ यानी करीब 3200 बीघा भूमि में टाउनशिप बनाने का निर्णय लिया था। जमीन की तलाश भी शुरू कर दी थी। जमीन खरीदने की बजाय लैंड पूलिंग के जरिए किसानों से ली जानी थी। उस समय तत्कालीन अधिशासी अभियंता सूरजपाल और सहायक अभियंता नवरत्न ने बताया था कि जमीन आबादी के आसपास की होगी, जिसमें किसानों से लिखित में सहमति ली जाएगी। जमीन हाथ में आने के बाद आवास विकास परिषद टाउनशिप का खाका तैयार कर उसे जमीन पर उतारेगा।
कुल भूमि के 50 फीसदी हिस्से पर सड़क, पार्क, ग्रीन बेल्ट आदि वह सभी सुविधाएं दी जाएंगी, जो एक मॉडल टाउनशिप में होनी चाहिए। शेष 50 फीसदी हिस्से को बिक्री के लिए रखा जाएगा। इसमें 25 फीसदी हिस्सा उन किसानों का होगा, जिनसे जमीन ली जाएगी और 25 फीसदी हिस्सा आवास विकास परिषद का होगा। यानी दोनों 25-25 फीसदी को बेचने के हकदार होंगे। टाउनशिप को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी खुशी थी, लेकिन कुछ समय बाद अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता का स्थानांतरण हो गया। इसके बाद टाउनशिप का प्रस्ताव ही शासन को नहीं भेजा गया।