देवबंद। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को बरला रोड स्थित रहमत कॉलोनी में एक दूध की डेयरी पर छापा मारा। टीम ने डेयरी से भारी मात्रा में सिंथेटिक दूध और दूध बनाने की सामग्री जब्त की है। डेयरी संचालक के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
लखनऊ से पहुंचे आयुक्त खाद्य एवं सुरक्षा डॉ. रोशन जैकब ने सहारनपुर मंडल के मुख्य खाद्य आयुक्त वीके राठी के साथ बरला रोड स्थित रहमत कॉलोनी में अब्दुल्ला की दूध डेयरी पर छापा मारा। टीम ने डेयरी से सिंथेटिक दूध का नमूना लेकर करीब 356 लीटर दूध और सिंथेटिक दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री माल्टो डेस्ट्रीन 25 किलो और एनओएच कास्टिक सात किलो सहित अन्य कई प्रकार के केमिकल बरामद कर उन्हें कब्जे में लिया। सिंथेटिक दूध को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
टीम डेयरी संचालक अब्दुल्ला को अपने साथ लेकर कोतवाली पहुंची और पुलिस को सौंप दिया। आयुक्त खाद्य डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि डेयरी से ऐसे केमिकल व सामग्री बरामद हुई है जो मनुष्य की सेहत के लिए हानिकारक है। पुलिस ने आरोपी डेयरी संचालक अब्दुल्ला के खिलाफ धारा 123, 274, 275 और 318 में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। टीम में खाद्य अधिकारी विशाल चौधरी, सुनील कुमार, अनंत कुमार और अश्वनी कुमार आदि शामिल रहे।