इब्राहिमपुरा सहकारी समिति में जांच करते जिला खाद्य विपणन अधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा (सहारनपुर)। विधवा महिला किसान की शिकायत पर जांच करने पहुंचे खाद्य विपणन अधिकारी ने इब्राहिमपुरा सहकारी समिति में बड़ी खामियां पकड़ी है। उन्होंने समिति सचिव की कार्यप्रणाली की जांच के लिए अधिकारी नियुक्त करते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव राय एक विधवा महिला की शिकायत की जांच करने ग्राम सलेमपुर में स्थित इब्राहिमपुरा सहकारी समिति में पहुंचे। वहां गांव अहमदपुर की विधवा महिला ममता सैनी ने उन्हें बताया कि उसने इब्राहिमपुरा सहकारी समिति में 25 अप्रैल को 37 क्विंटल गेहूं तुलवाए थेे। समिति सचिव शिवराज सिंह ने गेहूं तोलने की रसीद तो दे दी, लेकिन मशीन पर उनके अंगुठे की छाप नहीं ली। इसके कारण डेढ़ महीना बीतने के बावजूद उनके खाते में गेहूं का पैसा नहीं आया।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी की मौजूदगी में समिति सचिव शिवराज ने बायोमेट्रिक मशीन पर महिला के अंगुठे की छाप लेकर गेहूं की रकम की रसीद दी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव राय ने बताया कि ये घोर लापरवाही है। समिति रिकार्ड में भी कुछ अनियमितताएं मिली हैं। समिति सचिव के विरुद्ध रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जा रही है। साथ ही एक अधिकारी को समिति सचिव की जांच के लिए नियुक्त किया गया है, जो जल्द ही जांच कर पूरी रिपोर्ट प्रेषित करेंगे। खाद्य विपणन अधिकारी ने कहा कि सरकारी निर्देशों के अनुसार किसान से खरीदी गई फसल का पैसा तत्काल उसके खाते में पहुंच जाना चाहिए। जबकि इस मामले में ऐसा नहीं हो पाया है।