सरसावा के पंचकूला हाईवे पर कार से उठती आग की लपटे। स्रोत वीडियो ग्रैब
सरसावा। शाहजहांपुर बस स्टॉप पर हरियाणा की ओर से आ रही स्कॉर्पियो गाड़ी के इंजन में शुक्रवार देर शाम अचानक आग लग गई। गनीमत रही चालक आग फैलने से पहले गाड़ी से सुरक्षित निकल गया। आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
हादसा शुक्रवार शाम 7:30 बजे नेशनल हाईवे 344 पर स्थित ग्राम शाहजहांपुर में नकुड़ तिराहे पर हुआ। अग्निशमन दल के विकास कुमार ने बताया कि हरियाणा के कलानौर गांव से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो आ रही थी। स्कॉर्पियो शाहजहांपुर गांव के समीप पहुंची ही थी कि अचानक गाड़ी के इंजन से धुआं उठने लगा।
चालक ने हाइवे किनारे गाड़ी रोककर जैसे ही स्कॉर्पियो का बोनट खोला अचानक आग दहक उठी। आसपास के लोगों ने गाड़ी से उठती लपटें देख पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसी बीच फायर ब्रिगेड सोराना की टीम मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। चालक सुभाष ने बताया कि आग लगने का कारण संभवत इंजन के तारों में शॉर्ट सर्किट रहा होगा। फायर ब्रिगेड टीम में विकास कुमार, उदयवीर तथा दीक्षित कुमार शामिल रहे।
सरसावा के पंचकूला हाईवे पर कार से उठती आग की लपटे। स्रोत वीडियो ग्रैब