सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते यात्री
सहारनपुर। रेलवे ने अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए अभी तक आठ होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है, लेकिन इन स्पेशल ट्रेनों का किराया भी स्पेशल है। नियमित ट्रेनों की अपेक्षा इन ट्रेनों के किराया 20 फीसदी से अधिक है। जाहिर है, स्पेशल ट्रेनों में यात्रा करने के लिए यात्रियों को जेब अधिक ढीली करनी होगी।
होली त्योहार के चलते स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है। यदि इन ट्रेनों के किराए पर नजर दौड़ाए तो इनका किराया नियमित ट्रेनों से अधिक है। गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस(05005) में यदि गोरखपुर से अमृतसर तक का स्लीपर श्रेणी का किराया 655 रुपये हैं तो शहीद एक्सप्रेस में यह किराया 520 रुपये हैं। इसी तरह स्पेशल ट्रेन में थर्ड एसी का किराया 1740 है तो नियमित ट्रेन में यह किराया 1385 रुपये हैं। चंडीगढ़-गोरखपुर एक्सप्रेस में सहारनपुर से लखनऊ तक का स्लीपर श्रेणी का किराया देखे तो यह 405 रुपये हैं, जबकि अकालतख्त एक्सप्रेस में यह किराया मात्र 315 रुपये हैं।
स्पेशल ट्रेन में थर्ड एसी इकॉनमी का किराया 1040 तो अकालतख्त एक्सप्रेस में यह 780 रुपये है।
स्पेशल में थर्ड एसी 1110 रुपये तो नियमित ट्रेन में यह किराया 845 रुपये हैं। बनारस-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस में भी सहारनपुर से बनारस तक का किराया स्लीपर में 545 तो नियमित ट्रेन में 455 रुपये हैं। स्पेशल ट्रेन में थर्ड एसी का किराया 1475 तो नियमित ट्रेन में 1190 रुपये हैं।