सहारनपुर। महानगर के विकास के लिए तैयार किए गए 584 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट पर आज कार्यकारिणी समिति की मुहर लगेगी। कार्यकारिणी समिति की बैठक महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में होगी।
बैठक का मुख्य एजेंडा वर्ष 2025-26 का 584.31 करोड़ रुपये का अनुमानित मूल बजट रहेगा। इसमें पथ प्रकाश के लिए 587.63 लाख, जलकल के लिए 1874.42 लाख, स्वास्थ्य और गैराज के लिए 1278.67 लाख, निर्माण कार्यों के लिए 3103.17 लाख, उद्यान अनुभाग के लिए 115.90 लाख, रिकॉर्ड अनुभाग के लिए 315.45 लाख, विविध कार्यों के लिए 2776.89 लाख तथा अधिष्ठान के लिए सबसे अधिक 10958.53 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
कार्यकारिणी से पास होने के बाद बजट बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। बोर्ड में पास होने के बाद उसे अमलीजामा पहनाया जाएगा। साथ ही बायोगैस बनाने के लिए बीपीसीएल को जमीन लीज पर देने का है। यह जमीन बेहट रोड पर बने डंपिंग ग्राउंड स्थल पर ही दी जाएगी। इस प्रकार कई प्रस्ताव बैठक में चर्चा के लिए रखे जाएंगे।
- बेहट अड्डा स्थित भूखंड से हटेंगे कब्जे
बेहट बस अड्डा पर पड़े नगर निगम के 20398 वर्ग मीटर भूखंड भी एजेंडे का हिस्सा है। यह भूखंड श्रीरामलीला कमेटी को लीज पर दिया हुआ था। इसकी लीज 31 जुलाई 2022 को खत्म हो चुकी है। इस भूमि पर बिना निगम की अनुमति के बनी 32 दुकानें और अन्य प्रकार के अतिक्रमण है। अतिक्रमण को हटाने पर भी बैठक में निर्णय होगा।