सहारनपुर। छह सहकारी समितियों में होने वाले प्रबंध कमेटी के चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी हुआ है। प्रबंध कमेटी के सदस्यों के चुनाव के बाद सभापति, उपसभापति व अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का भी चुनाव कार्यक्रम कर दिया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार समितियों पर अनंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन 23 फरवरी को होगा। इन समितियों की सूची पर आपत्ति दाखिल 24 फरवरी तक की जा सकती है। इसके बाद मतदाता सूची पर आपत्तियों का निस्तारण 25 फरवरी को किया जाएगा। इसी दिन अंतिम मतदाता सूची भी जारी की जाएगी। नामांकन पत्र संबंधित समितियों पर 26 फरवरी को सुबह दस बजे से तीन बजे तक दाखिल किए जा सकते हैं।
27 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद 28 फरवरी को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। शाम तीन से पांच बजे तक वैध नामांकन पत्रों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतदान की स्थिति में छह मार्च को सुबह दस से चार बजे तक मतदान होगा। इसके बाद उसी दिन मतों की गिनती की जाएगी। प्रबंध कमेटी के सदस्यों के चुनाव के बाद समितियों के सभापति, उप सभापति का भी चुनाव होगा। इसके लिए सात मार्च को ही चुनाव और मतगणना होगी।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रवि शंकर ने बताया कि मत्स्य जीव सहकारिता समिति कुकावा, शेरपुर, ऊंचागांव, रायपुर में चुनाव होगा, साथ ही वेतनभोगी समिति नानौता और विद्युत नगरीय वितरण मंडल वेतनभोगी सहकारी समिति सहारनपुर पर चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।