- डीआईओएस, बीएसए और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को दिए गए निर्देश
- स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को दर्ज करना है विवरण
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सरकारी व गैर सरकारी स्कूल वाहनों का विवरण निर्धारित प्रारूप में नहीं भर रहे हैं। अब जिलाधिकारी ने डीआईओएस, बीएसए और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को पत्र लिखकर निर्धारित प्रारूप में विवरण भरवाना सुनिश्चित करें।
इन दिनों संभागीय परिवहन विभाग की ओर से सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को वाहनों का विवरण स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर ऑनबोर्ड कराना अनिवार्य है। अब तक 4448 स्कूल पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। डीएम मनीष बंसल ने जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने स्तर पर सभी शिक्षण संस्थानों से पोर्टल पर पूरी जानकारी अपलोड कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा विकसित यह पोर्टल स्कूल वाहनों की निगरानी, सत्यापन और सुरक्षा मानकों के अनुपालन के लिए बनाया गया है। कई स्कूलों ने अपने वाहनों का विवरण पोर्टल पर अपलोड कर दिया है, लेकिन निर्धारित प्रारूप में नोटरी युक्त शपथ-पत्र अब तक अपलोड नहीं किया गया है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा कि स्कूली छात्रों की सुरक्षा शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में वाहन संचालित नहीं हैं, वह भी निर्धारित प्रारूप में शपथ-पत्र अपलोड करें।