सरस्वती विद्या इंटर कॉलेज का परीक्षा परिणाम आने खुशी जताती इंटर की छात्राएं
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम में दसवीं कक्षा में तो मेधावियों की मेरिट काफी बेहतर रही, लेकिन बारहवीं में मेरिट का हाल ज्यादा अच्छा नहीं रहा। जिले से दोनों कक्षाओं के लिए 71707 परीक्षार्थी एग्जाम के लिए पंजीकृत थे। दसवीं की परीक्षा का परिणाम 88.99 प्रतिशत रहा और जिले को सूबे में दसवां स्थान हासिल हुआ। वहीं, बारहवीं का परीक्षा परिणाम प्रतिशत 80.32 प्रतिशत ही रहा। इसके चलते प्रदेश में जिले को 31वां स्थान हासिल हुआ।
जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार दूबे ने बताया कि इस बार हाईस्कूल के लिए संस्थागत श्रेणी से 20103 छात्र और 17387 छात्राएं पंजीकृत रहे। इनके अलावा इंटरमीडिएट में 16807 छात्र और 14660 छात्राएं पंजीकृत किए गए थे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष हाईकूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में सहारनपुर प्रदेश में दसवें स्थान पर रहा था। इस बार भी दसवीं में तो सूूबे में टॉप टेन में रहने में सफलता मिली है। मगर बारहवीं के परीक्षा परिणाम में अंतर आया है। इसलिए स्कूलों के परीक्षा परिणाम की समीक्षा कर शैक्षिक स्तर सुधारने के प्रयास किए जाएंगे।
परिणाम को देखकर न घबराएं, आगे बढ़ने का प्लान बनाए
- जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार दूबे ने टॉप टेन में रहे मेधावियों को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उम्मीद से कम परिणाम पाने वालों से अपील की कि वे रिजल्ट देखकर न घबराएं बल्कि आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्लान बनाएं। खासकर कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं को अब हौसला रखते हुए अपनी रुचि के अनुरूप आगे की उच्च शिक्षा के लिए प्रयास करने चाहिए।
इस बार बेटे और बेटी दोनों रहे आगे
सहारनपुर। पिछले सत्र में जिले में बेटियों ने बाजी मारी थी। आदर्श इंटर कालेज बड़गांव की छात्रा अंशुल शर्मा ने हाईस्कूल में जिला टॉप किया था जबकि इस बार दसवीं में छात्र साहिल ने जिला टॉप किया है। अन्य टॉप टेन मेधावियों में भी बेटे और बेटियों ने एक-दूसरे को बेहतर मेरिट के लिए काफी टक्कर दी है।