सहारनपुर के सरसावा में रेल इंजन को विद्युत सप्लाई देने वाला ट्रांसफार्मर में हुए धमाके और करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। शव ट्रांसफार्मर की तारों से ही चिपका हुआ था।
सूचना पर पहुंचे रेलवे पुलिस को मौके से हाईवोल्टेज तार काटने का कटर, ओढ़ने की दो चादर एवं अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि युवक ट्रांसफार्मर से चोरी का प्रयास कर रहा था। उसका एक साथी भी था, जो फरार हो गया।
सरसावा रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म के अंतिम छोर पर एक ट्रांसफार्मर रखा हुआ है, जिससे रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज तारों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। इसी ट्रांसफार्मर पर मंगलवार की रात साढ़े नौ बजे के करीब तेज धमाका हुआ।
जब लोग मौके पर पहुंचे तो वहां का वीभत्स दृश्य देखकर हैरान रह गये। ट्रांसफार्मर पर एक शख्स बुरी तरह से झुलसी अवस्था में लटक रहा है। लोगों ने स्टेशन अधीक्षक को घटना की सूचना दी। इसके बाद रेलवे तथा स्थानीय पुलिस भी मौके पर आ गई।
करंट लगने से व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। आसपास तलाशने पर ओढ़ने की दो चादरें, हाई वोल्टेज के तार काटने वाला विशेष प्रकार का कटर, लकड़ी की बल्ली सामान बरामद हुआ। ट्रांसफार्मर का भी एक मुख्य तार भी कटा हुआ मिला।
जिससे पुलिस ने अनुमान लगाया कि मरने वाला ट्रांसफार्मर चोरी करने के इरादे से ऊपर चढ़ा था। लेकिन करंट लगने से उसकी मौत हो गई। यह देख सम्भवत: उसका साथी मौके से भाग गया। मृतक की शिनाख्त अनिल कुमार शुक्ला (25 वर्ष) निवासी ग्राम मकनापुर, जिला गोंडा बताया।
पुलिस ने लोगों की सहायता से अनिल के शव को नीचे उतारा। मरने वाले के बारे में मौके पर मौजूद लोग सिर्फ इतना बता पाए कि वो एक रेलवे ठेकेदार का कर्मचारी था। रेलवे पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, जीआरपी प्रभारी का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। साथ ही युवक अनिल के रिश्तेदारों से भी संपर्क का प्रयास किया जा रहा है।