सहारनपुर के बेहट में दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे पर शिवालिक पहाड़ियों में एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने चालक के शव और घायल क्लीनर को ट्रक से खींचकर बाहर निकाला। हादसा दोपहर करीब सवा दो बजे बादशाही बाग से ऊपर हाईवे पर पहाड़ियों में हुआ।
यह ट्रक सहारनपुर से हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब जा रहा था। जैसे ही बादशाही बाग से निकलने पर शिवालिक पहाड़ियों में पहुंचा तो एक घूम पर चालक स्टेयरिंग से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में ट्रक के चालक निक्कू निवासी कपोटा शलाई जिला सिरमोर हिमाचल प्रदेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि क्लीनर कृष्ण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही थाना मिर्जापुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रक के अंदर फंसे क्लीनर एवं चालक के शव को खींचकर बाहर निकाला। घायल को अस्पताल भेजने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही मृतक के परिजनों को सूचना दी।