गागलहेड़ी (सहारनपुर)। ससुराल आए युवक की अत्यधिक शराब पीने से मौत हो गई। शव पूरी रात सड़क किनारे पड़ा रहा। सुबह राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भर पर उसे पोस्टमार्टम के लिए सहारनपुर भिजवाया। युवक की मौत से उसके परिवार और ससुराल में कोहराम मचा है।
गागलहेड़ी थाने के एसआई ने बताया कि 32 वर्षीय अमित पुत्र प्रताप निवासी गांव यारपुर थाना थानाभवन बृहस्पतिवार की देर शाम अपनी ससुराल गागलहेड़ी थाने के गांव तिवाया में आया था। ससुराल जाने से पहले ही उसने तिवाया स्टैंड के समीप शराब ठेके से खरीद कर शराब पी। अधिक शराब पीने से वह पूरी रात सड़क किनारे ही पड़ा रहा। सुबह राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क किनारे पड़े अमित की जांच पड़ताल की तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। एसआई ने बताया की जांच करने से पता चला है की युवक नशे का आदि था। देर शाम भी अधिक शराब पी थी। माना जा रहा है कि इसी कारण उसकी मौत हुई है। शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम पर भेज दिया गया है। बाकि पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिती साफ होगी। युवक की मौत से उसकी ससुराल और परिवार में कोहराम मचा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे छोड़ गया है। वह मजदूरी करके अपना भरण पोषण करता था। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने पेट भरने का भी संकट खड़ा हो गया है। यशपाल सिंह ने बताया कि अभी तक परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर आती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।