सरसावा (सहारनपुर)। एक वृद्ध महिला का शव यमुना नदी में उतराता मिला है। महिला की जेब से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर महिला की पहचान हुई है। परिजनों ने बताया बीती शाम से महिला गायब थी।
मंगलवार को शाम 5 बजे के करीब सरसावा थाने की शाहजहांपुर पुलिस चौकी के समीप यमुना नदी के पुल के नीचे एक वृद्ध महिला का शव उतराता मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मछुआरों की सहायता से शव को बाहर निकाला तथा महिला के कपड़ों की तलाशी ली तो जेब से एक डायरी तथा एक हजार रुपये बरामद हुए। डायरी में में कुछ मोबाइल नंबर लिखे हुए थे शाहजहांपुर पुलिस चौकी इंचार्ज बृजपाल सिंह ने बताया कि मोबाइल नंबर मिलाया गया तो सामने वाले व्यक्ति ने बताया कि इस प्रकार के हुलिए की महिला उसकी मौसी है जो ग्राम चोरी मंडी थाना चिलकाना की निवासी है। इसके बाद उन्होंने ग्राम चोरी मंडी में सूचना भिजवाई तो मौके पर आए व्यक्ति विजयपाल ने मृतका की पहचान अपनी मां बलदेवी (70) पत्नी यादराम के रूप में की। चौकी इंचार्ज बृजपाल सिंह के अनुसार मृतका के पुत्र ने बताया कि उसकी मां सोमवार की शाम यमुना नदी के किनारे स्थित खेत में घास काटने के लिए गई थी परंतु वापस नहीं लौटी। वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। देर शाम तक परिजन शव को बिना कार्रवाई के ले जाना चाह रहे थे जिसके लिए परिजनों तथा पुलिस के बीच वार्ता चल रही थी।