दोषियों को जल्द से जल्द दिलाई जाए सजा: डीएम
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा दिए गए सौ दिन के लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा किया जाए। गैंगस्टर एक्ट में चिह्नित दोषियों पर अदालत की कार्रवाई को जल्द पूरा कराकर सजा दिलायी जाए। सरकार की प्राथमिकता है कि दोषी को बख्शा न जाए एवं निर्दोष पर कार्रवाई न हो।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार जिलाधिकारी ने अभियोजन के संबंध में की गई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने गैंगस्टर, हत्या, आत्महत्या, दहेज हत्या, पुलिस मुठभेड़, दुष्कर्म से संबंधित प्रकरणों एवं उन पर चल रही कार्रवाई की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर डाटा फीडिंग का कार्य शत प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही साथ समन, नोटिस एवं तामील की कार्रवाई यथाशीघ्र कराई जाए। जिससे अदालत की कार्यवाही में प्रगति लाई जा सके। पॉक्सो के मामलों को चिह्नित कराकर उनमें दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलवाई जाए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉक्टर अर्चना द्विवेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रीति यादव, संयुक्त निदेशक अभियोजन रूबी यादव, वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी अशोक त्रिपाठी, जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी राजीव गुप्ता, सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता दीपक सैनी, विशेष अभियोजन पॉक्सो संजय मलिक सहित सभी शासकीय अधिवक्ता एवं अभियोजन अधिकारी मौजूद रहे। संवाद