सहारनपुर में सीट कब्जाने को लेकर जनसेवा एक्सप्रेस में घुसी भीड़ ने अंदर बैठे अधेड़ को नीचे गिरा दिया। भीड़ उसके ऊपर चढ़ गई जिसमें दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई ने सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही उसका शव नीचे उतारा। मौके पर पहुंची जीआरपी ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सुखदेव पासवान (65) निवासी धौलपट्टी बिहार अपने भाई फुलटेन पासवान के साथ जनसेवा एक्सप्रेस से जालंधर जा रहा था।
वहां दोनों मजदूरी करते हैं और छुट्टियों के बाद लौट रहे थे। सामान्य बोगी वाली जनसेवा एक्सप्रेस बिहार से ठसाठस भरी थी और रास्ते में लगातार उसमें यात्री बढ़ते जा रहे थे। सहारनपुर से पहले लक्सर जंक्शन पर अचानक बोगी में भीड़ घुसने की कोशिश करने लगी।
इसी बीच ट्रेन वहां से चल दी, मगर अंदर ठसाठस भीड़ में ही लोग डटे रहे। सीट पाने को लेकर मची अफरातफरी में अंदर मौजूद सुखदेव पासवान को भीड़ ने नीचे गिरा दिया।
बताया गया कि कई यात्री उसके ऊपर चढ़ गए जिसमें कुचले जाने के साथ दम घुटने से चलती ट्रेन में ही उनकी मौत हो गई। ट्रेन दोपहर करीब डेढ़ बजे सहारनपुर स्टेशन पहुंची तो मृतक का शव ट्रेन से नीचे उतारा गया।
सूचना पर जीआरपी वहां पहुंची और जानकारी लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया। मृतक के भाई ने बताया कि वे दोनों जालंधर में मजदूरी करते थे। जीआरपी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि ट्रेन में मौत की खबर मिली। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।